Mango pickle recipe | आम का अचार रेसिपी | घर पर अचार बनाते वक्त इन बातों का रखें ख्याल

भारतीय खाने को पसंद किया जाता है उसके खास जायके की वजह से । हमारा भारतीय खाना काफी मसालेदार और चटपटा होता है और इसके साथ परोसे जाने वाले अचार और चटनी इसे और भी स्पेशल बना देती हैं । 

आम सिर्फ गर्मी में ही होता है । इसी वजह से गर्मी के मौसम में बाजार कच्चे आमों से भरे होते है । लोग अपने घरों में आम का अचार बनाकर साल भर तक उसके स्वाद का मजा लेते हैं । 

घर पर कैसे बनाएं आम का अचार

सामग्री:

कच्चा आम ( टुकड़ों में कटा हुआ) – 5 किलो 

मैथी – 250 ग्राम  

सौंफ – 250 ग्राम 

नमक – 250 ग्राम 

हल्दी – 125 ग्राम 

लाल मिर्च – 125 ग्राम 

कलौंजी – 60 ग्राम 

सरसों का तेल – लगभग 1.5 लीटर 

आम का अचार बनाने की विधि:

(1) कच्चे और अच्छे गूदे वाले आम बाजार से ले आइये और इन को साफ पानी से धो कर टुकड़े कर लीजिए ।

(2) फाकों में अच्छे से नमक लगाकर रात भर के लिए रख दें । ऐसा करने से आम की फाकों का अतिरिक्त पानी निकल जाएगा ।

(3 ) अगले दिन छान कर फाकों में से पानी अलग कर दें और सभी फाकों को एक सूती कपड़े पर फैला कर 5-6 घंटे पंखे की हवा में सुखा लें ।

(4) गैस पर कड़ाही रखें और धीमी आंच पर सौंफ और मैथी को 1 से 2 मिनट तक भून लें । ध्यान रहे ये जलें नहीं वरना कड़वे हो जाएंगे ।

आंच बंद कर दें और गरम कड़ाई में कलौंजी डाल दे। सभी मसालों को प्लेट में निकाल कर ठंठा कर लें।

अब सौंफ, मैथी और कलौंजी को ग्राइंडर जार में डालकर दरदरा पीस लें और बाकी के मसालों के साथ अच्छे से मिला लें। 

(5) इसका थोड़ा-सा मिश्रण अचार के जार में छिड़क दें ।

(6) अचार में इस्तेमाल होने वाले सरसों के तेल को तेज गर्म कर के ठंडा कर ले । ऐसा करने से तेल की महक निकल जायेगी। 

(7)  सारे तेल को एकसाथ मसाले में न मिलाएं। एक बड़े बर्तन में आवशयतानुसार तेल लें और इसमें सभी मसालों को मिला लें । बाकी बचा हुआ तेल अचार पर उपर से डालने के काम आएगा। 

(8) अब आम के टुकड़ों को मसाले में डालकर अच्छे से रगड़ें और जार में इन आम के टुकड़ों की एक परत बिछा दें और फिर ऊपर से थोड़े मसाले डाल दें ।

(9) इसी प्रक्रिया को दोहराते हुए जार में आचार डालते जाएं और बचे हुए मसालों को आखिर में ऊपर से डाल दें ।

(10)  जार के मुंह को मलमल के कपड़े से ढककर दे।

(11) एक हफ्ते के लिए जार को धूप में रखें । बचा हुआ तेल ऊपर से जार में डालें । एक महीने में आम के टुकड़े मुलायम हो जाएंगे । 

आम का अचार तैयार है !

अपने पसंदीदा परांठे के साथ अचार का आनंद लें।

अचार डालते वक्त निम्न बातों का ध्यान रखना चाहिए जिससे वह लम्बे समय तक चल सकें  :

(1) सबसे पहले आप जिस बरनी या जार में अचार डालने वाले हैं उसमें नमी बिल्कुल भी न हो ।

(2) अचार में इस्तेमाल होने वाले तेल को तेज गर्म कर के ठंडा कर ले । ऐसा करने से तेल की महक निकल जायेगी। 

(3) अचार में तेल पर्याप्त मात्रा में हो । अचार में तेल सही मात्रा में न होने से आपका अचार खराब हो सकता है ।

(4) अचार डालते वक्त इस बात का भी ध्यान रखें कि इसमें डाले जाने वाले सभी मसाले अच्छे से सूखे हुए हों। 

(5) अचार डालने के बाद इसे धूप दिखाना बहुत जरूरी है । डब्बे के मुंह को मलमल के कपड़े से ढककर रखें ताकि उसमे धूल मिट्टी न जा पाए ।

Leave a Comment