हर महिला के लिए जरूरी है आर्थिक स्वतंत्रता: महिलाओं के लिए बचत के तरीके, छोटे बिज़नेस आइडिया और सरकारी योजनाएँ

आज के समय में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता (Financial Independence) केवल एक विकल्प नहीं बल्कि एक आवश्यकता बन चुकी है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होती हैं, तो वे न केवल अपने फैसले खुद ले सकती हैं बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

महिलाओं के लिए आर्थिक स्वतंत्रता क्यों जरूरी है?

1. आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास

जब महिला अपनी आय कमाती है, तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है। वह अपने जीवन के फैसले खुद ले सकती है।

2. परिवार की आर्थिक मजबूती

कामकाजी या आर्थिक रूप से सक्रिय महिला परिवार की आय बढ़ाने में मदद करती है, जिससे बच्चों की शिक्षा और भविष्य बेहतर बनता है।

3. कठिन परिस्थितियों में सुरक्षा

अचानक आने वाली समस्याओं जैसे बीमारी, नौकरी छूटना या पारिवारिक संकट में आर्थिक रूप से मजबूत महिला परिवार को संभाल सकती है।

4. समाज में सम्मान

आर्थिक रूप से सक्षम महिलाओं को समाज में अधिक सम्मान और पहचान मिलती है।

5. अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणा

जब बच्चे अपनी माँ को आत्मनिर्भर देखते हैं, तो वे भी जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।

महिलाओं के लिए Practical Saving Tips

1. हर महीने बचत की आदत डालें

अपनी आय का कम से कम 20% हिस्सा बचत के लिए अलग रखें।बचत करने का सिलसिला तो पीढ़ियों से चलता आ रहा है। हमारी दादी-नानी भी बचत के कई तरीके अपनाती थी।

तो चलिए जानते है कि हम अपने घर में बचत के कौन कौन से तरीके अपना सकते है। 

सबसे पहले बात करते है रसोई घर की

(1) रसोई घर में गैस की बचत करने के लिए आप क्या कर सकती है ?

  • कई बार हम  गैस खुला छोड़ कर दूसरे कामों में लग जाते हैं, जिससे गैस की खपत अधिक होती है। 
  • रोटी बनाते वक्त पहले आप एक-दो रोटी बेल कर रखे लें फिर तवा गर्म करें, इससे गैस की बचत होगी।
  • सब्जी बना रहे हैं तो उसमें उतना ही पानी डालें जितना सब्जी पकने के लिए जरूरी है, पानी ज्यादा डालने से समय और गैस दोनों की ही बर्बादी होती है। 
  • गैस की खपत कम करने के लिए आप खाना हमेशा ढक कर पकाएं, इससे खाना फटाफट बन जाता है। 
  • कढ़ाई की जगह कुकर में खाना बनाएं, इससे अधिक तापमान पर कम समय में खाना बन कर तैयार हो जाता है और गैस की बचत होती है। 
  • खाना बनाते समय बर्नर के छेद खाना गिरने से बंद हो जाते हैं, जिससे गैस की सप्लाई कम होती है और खाना काफी देर में पकता है। इसलिए उसे समय-समय पर साफ करती रहें, ताकि गैस बर्बाद न हो।
  • चना, राजमा या कोई भी खड़ी दाल बनाने के लिए इसे रात को भिगो कर कर दें, इससे पकाने में ईंधन और समय कम लगेगा। 

(2 )रसोई में बिजली की खपत पर कंट्रोल कैसे करें?

  • बार-बार मिक्सर चलाने से अच्छा है आप एक ही बार लहसुन, अदरक और मिर्च का पेस्ट बना कर उसमें एक चम्मच तेल डालकर फ्रिज में स्टोर कर लें, इससे मिक्सर का इस्तेमाल कम होगा और बिजली की बचत होगी।
  • कोई भी सामान फ्रिज से निकाल कर सीधे माइक्रोवेव में न डालें, इससे बिजली की खपत अधिक होती है, पहले खाना सामान्य तापमान पर आने दें फिर इसे माइक्रोवेव करें।

 (3) कौन से टिप्स अपनाकर राशन में बचत कर सकते  हो ?

  • सीजनल फलों की खरीददारी करनी चाहिए। 
  • राशन के सामान को आप थोड़ा-थोड़ा कई बार खरीदने की बजाय एक साथ स्टॉक में खरीद लें ऐसा करने से आपको सारा सामान सस्ता मिलेगा। 
  • आप छोटे-छोटे गमलों में धनिया, मिर्च, लहसुन, टमाटर, बैंगन जैसी सब्जियों को बालकनी या किचन के गार्डन में लगा सकते हैं।इससे आपको घर बैठे ही कुछ सब्जियां मिल जाएंगी और खाने का स्वाद भी दोगुना हो जाएगा। 
  • यदि आप बाहर खाने के शौक़ीन है तो ये बहुत महंगा पड़ता है। पैसे बचाने के लिए सस्ते रेस्तरां का चुनाव करने पर आप बीमार पड़ सकते हैं। इसलिए अच्छा ये होगा कि घर के बने खाने पर ही ज्यादा जोर दे। इससे आपकी सेविंग भी हो जाएगी और सेहत भी ठीक रहेगी। 

अब बात करते है कपड़ो की। आज के दिन शायद ही ऐसा कोई हो, जो स्टाइलिश नहीं दिखना चाहता होगा। इस चक्कर में हम कपड़ों पर बेहिसाब पैसा बहाते हैं।

(4 ) पैसे बचने के लिए नए कपडे खरीदते समय क्या धयान रखें ?

  • अनफिटेड कपडे ना खरीदें। ज्यादातर लोग यह सोचकर अनफिटेड कपड़े खरीद लेते हैं कि जब वह थोड़े पतले हो जाएंगे, तो उसे पहन लेंगे या फिर अगर साइज बड़ा हुआ भी तो उसकी फिटिंग करवा लेंगे।पर ऐसा कभी नहीं होता है। 
  • बिना प्‍लॉन के शॉपिंग में फिजूलखर्ची होती है। जरूरत के हिसाब से शॉपिंग करों। 
  • कुछ कपड़े ऐसे होते हैं, जो कुछ खास अवसरों पर ही जंचते हैं। ऐसे में अगर आप उन कपड़ों पर बिना बात पैसा लुटा देंगीं, तो आपकी वॉर्डरोब में वो यूं ही रखे रह जाएंगे। 
  • ब्रांड के पीछे भागना न केवल आपका सारा बजट खराब कर सकता है। 
  • कपड़े धोते वक्त ध्यान रखे ताकि कपडे फेड न हों। हमेशा नए जैसे दिखे। 
  • बिना ड्राई क्लीन सस्ते में घर पर शैम्पू से साफ़ करें। 
  • कपड़ो को अछ्छे से स्टोर करें ताकि कीड़े न लगे।

(5 ) पुराने कपड़ों को कैसे इस्तेमाल करें ?

  • सफाई के लिए इस्तेमाल करें। 
  • थैला सिल लें। 
  • पुराने कपड़ों से लैस उतारकर नए कपड़ो पर लगा लो। 

(6 ) घर की सजावट में पैसे कैसे बचाएं:

  • नेचुरल चीजे जैसे प्लांट्स से घर को सजाएँ। 
  • घर सामान से न भरें। उसकी सफाई में समय और पैसे दोनों खर्च होते है। 
  • पूराना फर्नीचर री-यूज़ करें। 
  • मल्टी-परपज़  फर्नीचर रखें। जैसे -बेड कम सोफा 
  • हैंड मेड चीजों से घर सजाओ। 
  • बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट आइडियाज लगाएं। 

2. छोटे निवेश शुरू करें

बचत करने का सिलसिला तो सदियो से चलता आ रहा है। हमारी दादी-नानी भी बचत के कई तरीके अपनाती थी।फर्क सिर्फ इतना है कि दादी और मम्मी अपनी बचत रसोई के किसी डब्बे में छुपा कर रखती थी और हम अपनी सेविंग्स Saving Account में रखते है। पर अब वक्त है अपनी सेविंग को सेविंग अकाउंट से निकाल कर इन्वेस्ट करने का।  

(1 ) बचत और निवेश में क्या फर्क है ?

What is the difference between Saving and Investment ?

बचत और निवेश दो अलग-अलग पहलू हैं। 

बचत वह पैसा है जिसे हम अपनी कमाई में से किसी खास लक्ष्य के लिए अलग रखते हैं, जैसे कि कार खरीदना, छुट्टियों में घूमने जाना , किसी आपात स्थिति के लिए वित्तीय रूप से तैयार रहना इत्यादि। इस बचत या सेविंग को हम सेविंग अकाउंट में रखते है जहां रिस्क ज़ीरो है। हालाँकि, बचत के पैसे में कोई खास वृद्धि नहीं होती है।बल्कि बढ़ती हुए महंगाई आपके पैसे की कीमत कम कर सकती है। 

आज जिस वस्तु की कीमत ₹10/- है, उसकी कीमत पांच साल बाद ₹50/- हो सकती है। इसलिए, सिर्फ़ अपने पैसे बचाना ही काफी नहीं है।आपको इसे निवेश करने की ज़रूरत है ताकि समय के साथ आपकी जमाराशि का मूल्य बढ़ता रहे। इसका मतलब है कि आपको भविष्य में उन्हीं वस्तुओं और सेवाओं को खरीदने के लिए अधिक भुगतान करना होगा। यह आपके बजट को प्रभावित कर सकता है।

जब आप अपने पैसे को सही तरीके से निवेश करते हैं, तो यह मूल्य में बढ़ता है और आपको रिटर्न देता  है। आपके निवेश का उपयोग आपके वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने के लिए किया जा सकता है जैसे कि घर खरीदना, आपके बच्चे की उच्च शिक्षा, और बहुत कुछ। पर निवेश में जोखिम भी होता है जिसे समझना बहुत जरूरी है। 

निवेश का मतलब है आय उत्पन्न करने के उद्देश्य से अपने पैसे को किसी परिसंपत्ति में लगाना। वित्तीय निवेश विभिन्न रूपों में आते हैं, जैसे कि म्यूचुअल फंड, यूनिट लिंक्ड इन्वेस्टमेंट प्लान, एंडोमेंट प्लान, स्टॉक, बॉन्ड और बहुत कुछ। हालाँकि, सभी निवेशों के पीछे प्राथमिक लक्ष्य एक ही रहता है, यानी, आपके निवेशित पैसे का मूल्य बढ़ाना।

(2) इन्वेस्टमेंट में रिस्क कितना होता है ? 

जब आप अपना पैसा निवेश करते हैं, तो यह आपको रिटर्न प्रदान करने की संभावना रखता है।

ये रिटर्न या तो गारन्टीड  हो सकते हैं या बाजार से जुड़े हो सकते हैं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप अपना पैसा कहां निवेश करते हैं।

 गारन्टीड रिटर्न निवेश में आपको मिलने वाली राशि निवेश की शुरुआत में तय होती है। हालाँकि इसमें रिस्क कम होता है , पर रिटर्न भी कम मिलते है। 

बाजार से जुड़े रिटर्न के साथ, आपको इक्विटी और डेट मार्केट में निवेश करने का विकल्प मिलता है। इक्विटी मार्केट में उच्च रिटर्न देने की क्षमता होती है, लेकिन साथ ही साथ उच्च जोखिम भी होता है। डेट मार्केट में कम जोखिम होता है और स्थिर रिटर्न मिलता है। 

जोखिम के आधार पर निवेश के तरीके : 

कम जोखिम वाले निवेश : इनमें सरकारी बॉन्ड, कॉरपोरेट बॉन्ड, ट्रेजरी नोट्स और अन्य जैसे इन्वेस्टमेंट प्लान  शामिल हैं। 

उच्च जोखिम वाले निवेश: ये निवेश विकास की अधिकतम संभावना प्रदान करते हैं। इनमें म्यूचुअल फंड, यूलिप , इक्विटी और अन्य जैसे साधन शामिल हैं

(3) हम अपनी बचत को कितनी तरह से निवेश कर सकते है ?

महिलाएं Recurring Deposit, SIP या PPF जैसे सुरक्षित निवेश से शुरुआत कर सकती हैं।

भारत में निवेश करने के कई अवसर हैं। आप रिटर्न, जोखिम, लॉक-इन अवधि, निवेश करने की लचीलापन और ज़रूरत के समय पैसे निकालने जैसे पॉइंट्स को धयान में रख कर निवेश कर सकते हैं।

रियल एस्टेट:

भारत में प्रॉपर्टी खरीदना एक पारंपरिक निवेश विकल्प है। ये किराए के रूप में नियमित आय प्राप्त करने या इसे बढ़ी हुई कीमत पर बेच कर पैसा बनाने का साधन  हो सकता है। रियल एस्टेट से मिलने वाला रिटर्न बाजार की स्थितियों, संपत्ति के स्थान और अन्य चीज़ों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।ये एक दीर्घकालिक निवेश हो सकता है। 

जीवन बीमा योजना :

ये आपकी आय पर टैक्स बचाने में मदद करती है और साथ ही आपको जीवन बीमा भी प्रदान करती है। यह आपको अपने वित्तीय लक्ष्यों , जैसे कि आपके बच्चे की शिक्षा या विवाह, घर खरीदना आदि को पूरा करने के लिए कारगर है और दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मामले में अपने प्रियजनों को वित्तीय रूप से सुरक्षा प्रदान करती है।

जीवन बीमा योजनाएं आपको अपनी जोखिम क्षमता के अनुसार इक्विटी, डेट या दोनों फंडों के संयोजन में निवेश करने की सुविधा प्रदान करते हैं। आप इसमें नियमित रूप से निवेश करने के लिए अपनी इच्छित राशि चुन सकते हैं। 5 साल की अनिवार्य लॉक-इन अवधि के आलावा दीर्घकालिक निवेश योजना भी चुन सकते है।

पी पी एफ PPF :

आप अपने बैंक या डाकघर के माध्यम से पीपीएफ में निवेश कर सकते हैं। पीपीएफ पर मिलने वाला रिटर्न ,बैंकों की मौजूदा ब्याज दरों से थोड़ा ज़्यादा होता  है। पीपीएफ निवेश एक निर्धारित लॉक-इन अवधि और न्यूनतम निवेश राशि के साथ किया जाता है। पीपीएफ में किया गया योगदान आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 80सी के तहत उल्लिखित शर्तों के अनुसार कर कटौती के लिए पात्र है। पीपीएफ से प्राप्त रिटर्न में आयकर अधिनियम, 1961 के तहत छूट भी मिलती है।

FD:

फिक्स्ड डिपॉज़िट एक तरह का निवेश है जिसमे आप बैंक में फिक्स्ड डिपॉज़िट के तौर पर एक निश्चित राशि निश्चित अवधि के लिए जमा कर सकते हैं और निश्चित रिटर्न पा सकते हैं। ये कम जोखिम वाले निवेश विकल्प हैं।

म्यूचुअल फंड्स:

पेशेवर फंड मैनेजर आमतौर पर म्यूचुअल फंड में निवेश का प्रबंधन करते हैं। आप कई विकल्पों में से चुन सकते हैं जिनमें इक्विटी, डेट या दोनों फंड का मिश्रण शामिल है।लेकिन म्यूचुअल फंड से मिलने वाला रिटर्न बाजार से जुड़ा होता है और इसलिए, बाजार की स्थितियों से प्रभावित होता है। 

भारत में, निवेश को अल्पकालिक और दीर्घकालिक के रूप में वर्गीकृत किया जाता है, जिसका उनके कर-देयता पर प्रभाव पड़ता है। अल्पकालिक निवेश के लिए किसी परिसंपत्ति को 1 से 3 साल तक रखना आवश्यक है, उदाहरण के लिए, आवर्ती जमा, म्यूचुअल फंड, और बहुत कुछ। इससे परे कोई भी चीज़ दीर्घकालिक निवेश है, जैसे कि बीमा योजनाएँ, सार्वजनिक भविष्य निधि , सावधि जमा, राष्ट्रीय पेंशन योजना, और बहुत कुछ।

(4 ) निवेश शुरू करने की सही उम्र क्या है ?

आप जितनी जल्दी निवेश करना शुरू करेंगे, आपके पैसे को बढ़ने के लिए उतना ही ज़्यादा समय मिलेगा। जल्दी निवेश शुरू करने से आप अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए नियमित रूप से छोटी-छोटी रकम में निवेश कर सकते हैं, जिससे आपकी जेब पर ज़्यादा बोझ नहीं पड़ेगा।कम उम्र में जिम्मेदारियाँ कम होती हैं। जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, आपकी ज़िम्मेदारियाँ बढ़ती जाती हैं और इसलिए, आपकी जोखिम उठाने की क्षमता कम होती जाती है। ऐसे में आप कम जोखिम वाले उपकरणों में निवेश करना चाह सकते हैं। ये कम जोखिम वाले उपकरण कम रिटर्न दे सकते हैं।आप जितना ज़्यादा समय तक निवेशित रहेंगे, आपको उतना ज़्यादा रिटर्न मिलने की संभावना है। ये रिटर्न आय के स्रोत के रूप में काम कर सकते हैं।

चक्रवृद्धि ब्याज की शक्ति Power of Compounding 

आपके निवेश से रिटर्न मिलता है। इन रिटर्न को फिर से निवेश करके ज़्यादा रिटर्न कमाया जाता है। यह प्रक्रिया जारी रहती है। समय के साथ, इससे अच्छी खासी कमाई होती है। इसे चक्रवृद्धि ब्याज की शक्ति Power of Compounding कहते हैं ।

इसे एक उदाहरण से समझने की कोशिश करते है। 

शर्मा जी  5% की ब्याज दर पर 15 साल के लिए ₹10 लाख का निवेश करते हैं। पहले साल के अंत में उनकी निवेश राशि ₹10.5 लाख हो जाती है, यानी उन्हें पहले साल में ₹50,000 का रिटर्न मिलता है।

यह रकम फिर से निवेशित हो जाती है। दूसरे साल के लिए, ₹10.5 लाख की राशि पर ब्याज अर्जित होता है। दूसरे साल के अंत में, उसकी निवेश राशि ₹11.025 लाख हो जाती है, यानी उसे दूसरे साल ₹52,500 का रिटर्न मिलता है। यह पहले साल में अर्जित रिटर्न से ₹2,500 ज़्यादा है।

यह प्रक्रिया जारी रहती है और 15वें साल के अंत तक उसकी निवेश राशि ₹20,78,928.18 हो जाती है। इसका मतलब है कि उसे 15 साल में कुल ₹10,78,928.18 का रिटर्न मिलता है। यह कंपाउंडिंग की वजह से है। अगर उसके रिटर्न को दोबारा निवेश नहीं किया जाता, तो उसे ₹50,000 x 15 = 7,50,000 का ब्याज मिलता, जो कि करीब ₹3.3 लाख कम है।

(5 ) निवेश का कौन सा विकल्प बेहतर है – अलपकालीन या दीर्घकालीन ?

Which investment is better -Short Term or Long Term ?

बाज़ार में उतार-चढ़ाव से निपटने के लिए अधिक समय

निवेश (खासकर बाजार से जुड़े निवेश) में जोखिम बहुत ज़्यादा होता है।अल्पकालिक बाजार की अस्थिरता से रिटर्न प्रभावित हो सकता है।दीर्घकालीन निवेश में इन बाजार की अस्थिरताओं से उबरने और लंबी अवधि में ज़्यादा रिटर्न पाने का मौका मिलता है।

लंबी अवधि के निवेश से बहुत सारे लाभ मिलते हैं। सबसे पहले, एक अवधि के अंत में आपको मिलने वाला ब्याज (रिटर्न) अल्पकालिक निवेश से काफी अधिक होता है। लंबी अवधि के निवेश से, आपके पैसे का मूल्य वर्षों में बढ़ता है। इसके अलावा, लंबी अवधि के निवेश आपको बाजार की अस्थिरता से सुरक्षित रखते हैं। जब आप लंबे समय तक निवेशित रहते हैं, तो आप बाजार में उतार-चढ़ाव से बच सकते हैं।

दीर्घावधि निवेश बड़े वित्तीय लक्ष्यों के साथ अच्छी तरह से मेल खाते हैं, जैसे कि आपके बच्चे की शिक्षा या शादी के लिए धन जुटाना, घर खरीदना या सेवानिवृत्ति के लिए बचत करना। वे आपको अल्पकालिक कर  लाभों के साथ धीरे-धीरे और लगातार अपनी संपत्ति बनाने का समय देते हैं और आपको अपने वर्तमान लक्ष्यों और जीवनशैली को बाधित किए बिना जीवन में महत्वपूर्ण मील के पत्थर के लिए बचत करने की अनुमति देते हैं।

 हालाँकि, हर दीर्घावधि निवेश विकल्प को सावधानी से चुना जाना चाहिए। निर्णय लेने से पहले आपको निवेश योजना से जुड़े जोखिम कारकों को समझना चाहिए।

(6) जीवन के विभिन्न चरणों के अनुसार निवेश के विकल्प कैसे चुनें ?

How to choose investment plan according to different stages of life ?

पहली नौकरी पाते ही : इस समय इक्विटी और टर्म इंश्योरेंस अच्छे विकल्प हो सकते हैं। ये सभी किफायती साधन हैं जिनमें एक साथ  निवेश की आवश्यकता नहीं होती है। इसके अलावा, जोखिम और लाभ किसी ऐसे व्यक्ति के लिए आदर्श हैं जो अपना करियर शुरू कर रहा है। 

शादी के बाद : इस समय अपने और परिवार के लिए स्वास्थ्य बीमा बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। यह सुनिश्चित करता है कि आप और आपका परिवार स्वास्थ्य सेवा की लागतों से सुरक्षित रहें।

बच्चे का जन्म के बाद : बच्चे की शिक्षा और उसके बेहतर भविष्य के लिए जीवन बीमा और बचत योजनाएं अच्छा विकल्प हैं। ये योजनाएं जीवन सुरक्षा और निवेश वृद्धि प्रदान करती हैं। आपके प्रियजन वित्तीय रूप से सुरक्षित रहते हैं और आप दीर्घकालिक लक्ष्यों के लिए निवेश कर सकते हैं

सेवा निवृत्ति या रिटायरमेंट के समय : मनी बैक प्लान , रिटायरमेंट प्लान , तत्काल वार्षिकी योजना और ऐसी कई अन्य योजनाएं रिटायरमेंट के लिए परफेक्ट हैं। 

महिलाओं के लिए Small Business Ideas

आज के डिजिटल युग में महिलाएं घर बैठे भी बिज़नेस शुरू कर सकती हैं।

1. होम बेकरी या फूड बिज़नेस

केक, स्नैक्स, टिफिन सर्विस जैसे फूड बिज़नेस आज बहुत लोकप्रिय हैं।

पूरा ब्लॉग पढ़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें

Start Business from Home: महिलाओं के लिए किचन से बिजनेस शुरू करने के टिप्स

2. ऑनलाइन बुटीक

कपड़े, ज्वेलरी या हैंडमेड प्रोडक्ट्स का ऑनलाइन बिज़नेस शुरू किया जा सकता है।

3. कंटेंट क्रिएशन

YouTube, Instagram या ब्लॉगिंग के माध्यम से भी महिलाएं कमाई कर सकती हैं।

4. ट्यूशन या ऑनलाइन क्लासेस

अगर किसी विषय में अच्छी पकड़ है तो घर से ट्यूशन या ऑनलाइन क्लासेस शुरू की जा सकती हैं।

5. हैंडमेड प्रोडक्ट्स

हैंडमेड साबुन, कैंडल, क्राफ्ट या गिफ्ट आइटम का बिज़नेस भी अच्छा विकल्प है।

महिलाओं के लिए सरकारी योजनाएँ

भारत सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएँ चलाती है।

1. प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY)

इस योजना के तहत महिलाएं बिना गारंटी के लोन लेकर अपना बिज़नेस शुरू कर सकती हैं।

2. सुकन्या समृद्धि योजना

यह योजना बेटियों के भविष्य और शिक्षा के लिए बचत का अच्छा विकल्प है।

3. महिला शक्ति केंद्र योजना

इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के अवसर प्रदान करना है।

4. स्टैंड अप इंडिया योजना

महिलाओं को नए उद्यम शुरू करने के लिए बैंक लोन की सुविधा दी जाती है।

5. उज्ज्वला योजना

यह योजना महिलाओं को स्वच्छ ईंधन और स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करती है।


🎓 International Women’s Day Special Quiz

क्या आपने यह लेख पढ़ा?

अब अपनी जानकारी को परखिए और Women’s Financial Awareness Certificate प्राप्त कीजिए।

👉 Quiz देने के लिए यहाँ क्लिक करें
(Quiz Link)

✔ 5 मिनट का क्विज
✔ तुरंत रिजल्ट
✔ डिजिटल सर्टिफिकेट डाउनलोड

Navchetna Hindi Magazine का संदेश:
“जब महिला आर्थिक रूप से मजबूत होती है, तभी समाज सच्चे अर्थों में सशक्त बनता है।

Leave a Comment