घूमने की बात आते ही, पहला सवाल हमारे मन में आता है कि पैकिंग कैसे करनी है ? कौन-से कपडे ले जाने है ? किस बैग में क्या रखना है?
कुछ लोग अपने बैग में इतनी चीजें रख लेते हैं कि बाद में एयरपोर्ट पर एक्स्ट्रा सामान का चार्ज देना पड़ जाता है। या फिर कभी-कभी हम टिकट , चप्पलें, फोन का चार्जर आदि जैसी जरूरी चीजें भूल जाते हैं।
हम लेकर आएं हैं, कुछ ऐसे टिप्स जो पैकिंग करने में आपकी मदद करेंगे।
१. सफर पर जहां जा रहे हैं ,पहले वहां के मौसम के बारे में जान लें :
आप अपने सामान का चुनाव आप अपनी ट्रिप के हिसाब से ही करें। उदाहरण के तौर पर यदि आप हिल स्टेशन जा रहे हैं तो आप अपने साथ गर्म कपड़े अवश्य रखें। वहीं अगर आप बीच पर जा रहे हों तो ये टी-शर्ट और शॉर्ट्स आपके बैग में अवश्य होने चाहिए। इसी प्रकार किसी पहाड़ी स्थान की यात्रा के वक़्त आपके पास ट्रैकिंग के लिए अच्छे जूते अवश्य होने चाहिए।
२. पैकिंग लिस्ट बनाएं :
आप एक लिस्ट बनाएं और इसके बाद वहां पर ले जाने वाले सामान को इकट्ठा करें।
आप अपने सारे सामानों को वर्गीकृत कर लें यानी टिकट व जरूरी कागज़ात एक जगह पर, इलेक्ट्रॉनिक का सामान एक स्थान पर , खाना और जूते इत्यादि अलग -अलग बैगों में। बाद में आप अपने सामान का अपनी चेकलिस्ट से मिलान करना बिलकुल न भूलें।
३. पेपर आइटम ऐसे रखें :
पैकिंग करते समय टिकट , पासपोर्ट, पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वीसा आदि को एक जगह रखना न भूलें। आप इन सामानों को जहां भी रखें बस इस बात का ख्याल रखियेगा कि आपने इन्हें ऐसी जगह रखा हो कि ढूँढने पर ये सामान आपको आसानी से मिल सकें।
४. कॉस्मैटिक्स व फ्रेशनेस से जुड़ा सामान:
कॉस्मैटिक्स आप ट्रैवल साइज में खरीदें। ब्रश, पेस्ट, मेकअप आयटम्स इत्यादि पारदर्शी पाउच में पैक कीजिए. इससे न स़िर्फ किसी तरह की लीकेज़ होने पर वो पूरे सूटकेस में फैलेगा नहीं, बल्कि आप सभी चीज़ें देख भी सकेंगी।
५. जूते आप एक अलग ही बैग में रखें :
सामान बंधते वक़्त जूते हमेशा ही ज्यादा जगह घेरते हैं इसलिए वही जूते अपनी ट्रिप पर लेकर जाएं, जो ज्यादा जरूरी हो या जिन्हें आप पूरे ट्रिप पर पहन सकते हो। इसके अलावा आप शू पॉलिश और ब्रश अपने जूतों के अंदर रख सकते हैं, इससे ये सामान आपकी जगह भी नहीं घेरेंगे और जूते पहनते समय पोलिश व ब्रश खोजने के लिए आपको दुसरे बैग नहीं खोलने पड़ेंगे। जूतों को हमेशा शू बैग या पॉलीथिन बैग में ही रखें।
६. कपड़े फोल्ड नहीं रोल करके रखें :
कपड़ों को फोल्ड करने की बजाय रोल करके रखें ताकि ये सूटकेस में काम जगह लें।सूटकेस में पहले पैंट्स और लंबी ड्रेसेज रखें। फिर उनमें जैकेट, शर्ट्स वगैरह रखें।
ज्यादातर ये देखा गया है कि लोग किसी भी ट्रिप पर जाने के दौरान जरूरत से ज्यादा कपड़े ले जाते हैं। मिक्स ऐंड मैच पैटर्न की ड्रेसेज रखें। अगर बाहर जाने के दौरान आप कपड़े धो सकते हैं, तो हर टाइप की बस दो चीजें कैरी करें। मसलन दो टी-शर्ट्स, शॉर्ट्स के दो पेयर।अगर आप कपड़े रिपीट भी नहीं करना चाहतीं, तो प्रत्येक बॉटमवेयर के साथ दो टॉप्स पहनने के हिसाब से पैकिंग कीजिए।
चाबियां, सनग्लासेज, घड़ी वगैरह जींस या जैकेट की पॉकेट में रखकर जगह बचा सकते हैं।
टूटनेवाली चीज़ें मोज़े में रखें। बेल्ट्स को सूटकेस के घेरे के मुताबिक रखें। इस तरह ये रोल करने की तुलना में कम जगह लेंगे।
७. सफर के दौरान लैपटॉप, टैबलेट, फोन और कैमरा जैसे जरूरी सामानों का रखें ख़ास ख़याल :
गैजेट्स आपके सामान का सबसे नाजुक और सबसे महंगा हिस्सा होता है। इस बात का सबसे अधिक ध्यान रखें कि आपको इन्हें एक जिप लॉक बैग में रखना है। ये प्लास्टिक बैग आपके गैजेट्स को ड्राई रखेंगे और उन्हें इस तरह किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचेगा। प्लास्टिक बैग के चारों ओर कपड़े रख सकते हैं अगर ट्रैवल के दौरान आप अपने साथ लैपटॉप, आईपॉड, हेयर ड्रायर, इलेक्ट्रिक रेजर वगैरह साथ ले रहे हैं, तो सेल , चार्जर , यूनिवर्सल अडैप्टर और पॉवर बैंक रखना न भूलें।
सेल फोन चार्जर, हेडफोन और डेटा केबल को एक पुराने सनग्लास केस में स्टोर किया जा सकता है।इसे खोलना व बंद करना भी आसान होता है और हिलने पर खुलते या उलझते भी नहीं हैं।
यदि आप फ्लाइट से यात्रा कर रहे हो, तो ये सब सामान हैंड बैग में ही रखें।
८. मेडिकल किट जरूर रखें:
सफर में अक्सर लोगों को हल्की खांसी जुकाम, सरदर्द ,उल्टी व शरीर में दर्द जैसी समस्या होने लगती है। ऐसे में जरूरी नहीं कि हर जगह पर डॉक्टर या फिर दवा मिल सके। इसलिए पैकिंग के समय मेडिकल किट जरूर रखें।
९. अपनी ज्वेलरी को सुरक्षित रखें :
यदि आप कंही घूमने जा रहे है तो सोने के जेवर की बजाय आर्टिफिशिल जेवर ले जाये। अगर आप किसी शादी -ब्याह में जा रहें है जहा आप सोने के जेवर ही पहनना चाहते हो तो , अपनी ज्वेलरी को अपने हैंड बैग में सुरक्षित रखें।
१०. अपने बैग का वजन जरूर करें:
सारी पैकिंग हो जाने के बाद हमेशा अपने बैग का वजन जरूर करें, खासकर तब जब आप फ्लाइट से यात्रा कर रहे हो, क्योंकि एयरलाइन लिमिटेड वजन और आकार तक ही सामान को लाने की अनुमति देती है।
यकीन मानिये यदि आप इन सभी बातों पर अमल करते हैं तो आपको आपकी यात्रा में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न होगी और आपकी यात्रा सुगमता से गुजर जायगी और आप अपने साथ ऐसी कई यादें लेकर आएँगे जो आपको जीवन भर याद रहेंगी।