नवरात्रि के पावन दिनों में व्रत रखना आस्था और श्रद्धा का प्रतीक होता है। लेकिन कई बार व्रत के दौरान खान-पान में असंतुलन होने से कमजोरी, थकान और एनर्जी की कमी महसूस होने लगती है। इसलिए जरूरी है कि व्रत के समय भी हम अपने स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखें और पौष्टिक आहार लें।
🌼 व्रत में सेहत का ध्यान क्यों जरूरी है?
व्रत केवल भोजन त्यागना नहीं, बल्कि शरीर को डिटॉक्स करने और मन को शुद्ध करने का माध्यम भी है। यदि सही पोषण न मिले तो शरीर कमजोर हो सकता है। इसलिए संतुलित और हेल्दी व्रत आहार बहुत आवश्यक है।
हेल्दी व्रत रेसिपीज
1. प्रोटीन पावर सलाद

सामग्री:
भुना चना, मूंगफली, खीरा, टमाटर, नींबू, सेंधा नमक, काली मिर्च
विधि:
सभी सामग्री को मिलाकर नींबू का रस डालें और हल्का मसाला डालकर ताजा परोसें।
👉 यह सलाद प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है।
2. केला-मखाना स्मूदी

सामग्री:
केला, भुना मखाना, दूध, शहद
विधि:
सभी चीजों को मिक्सर में ब्लेंड करें और ठंडा-ठंडा पिएं।
👉 यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है।
3. व्रत की नमकीन

सामग्री:
आलू – 3 बड़े साइज़ के
निम्बू -1
बड़ा साबूदाना – 1 कप
मूंगफली के दाने – 1 कप
बादाम – 50 ग्राम
काजू – 50 ग्राम
मखाने – 50 ग्राम
किशमिश -50 ग्राम
सूखा नारियल -आधा पतले स्लाइस में कटा हुआ
सेंधा नमक – स्वादानुसार
पीसी चीनी -1 चम्मच
काली मिर्च – 1/2 छोटी चम्मच
घी – तलने के लिये
व्रत स्पेशल नमकीन बनाने की विधि :
१ . सबसे पहले आलू को छील ले और मोटे कद्दूकस से उसके लच्छे निकल ले।
२. लच्छो को पानी से 4 -5 बार अच्छे से धो ले ताकि उसका सारा स्टार्च निकल जाये।
३. अब एक बोल में पानी लें और उस में निम्बू का रास निचोड़े। इस निम्बू वाले पानी में आलू के लच्छे कुछ देर भिगो कर रेख दे
४. आलू के लच्छों को चलनी से छान कर एक कपडे पर 15 -20 मिनट के लिए सुखाएं।
५. कढ़ाई में घी डाल कर गरम कीजिये। तेल जब अच्छा गरम हो जाए तो गरम तेल में आलू के लच्छो को डाल दीजिये सुनहरा होने तक तल लीजिये।
६. अब साबूदाना भी तेल में डालिये और आंच बिलकुल धीमी कर दीजिये, साबूदाने को फूलने दीजिये, बीच बीच में छलनी से चला दीजिये। सारे साबूदाने तल कर निकाल लीजिये।
७. अब बादाम ,किशमिश ,मखाना ,नारियल और मूंगफली के दाने भी बारी – बारी तेल में डालिये और धीमी आंच पर तल कर निकाल लीजिये।
८. अगर आप चाहे तो बादाम ,किशमिश ,मखाना ,नारियल और मूंगफली को पैन में एक चम्मच घी डाल कर भी रोस्ट कर सकते है।
९. सारी भुनी हुई सामग्री को एक बड़े बर्तन में लीजिये और सेंधा नमक ,पीसी चीनी और पिसी हुई काली मिर्च डाल कर अच्छे से मिला दीजिये।
लीजिये आपकी व्रत की स्वादिष्ट नमकीन तैयार है।ठंडा होने के बाद इसे एयर टाइट डब्बे में भर कर रख दीजिये। यह एक महीने तक ख़राब नहीं होती है।
4. सिंघाड़े के आटे का हलवा

सामग्री :
सिंघाड़े का आटा -1 कटोरी
चीनी – 1 कटोरी
पानी – 3 कटोरी
घी – 3 /4
इलाइची पाउडर -1 टेबल स्पून
ड्राई फ्रूट्स – मर्जी के अनुसार
सिंघाड़े के आटे का हलवा बनाने की विधि :
1. एक पैन में घी गर्म करें। इसमें आटा डालकर मध्यम आंच पर लगातर चलाते हुए भूनें।
2. वहीं दूसरी तरफ एक पैन में पानी और चीनी को आंच पर रख दें।
3. जब आटा पूरी तरह भून जाएगा तो घी छोड़ने लगेगा। अब इसमें तैयार की गई चाशनी डालें।
4 . इसमें उबाल आने दें आंच धीमी कर दें और आप हलवे को लगातार चलाते रहें।
5 . जब घी कड़ाही की सतह पर दिखने लगे तो गैस बंद कर दें।
6 . अब इसमें इलाइची पाउडर मिला लें।
हलवा तैयार है।बादाम से गार्निश करके गर्मागर्म हलवा सर्व करें।
साबूदाना खिचड़ी

सामग्री:
साबूदाना – 1 कटोरी
घी/तेल -1 टेबलस्पून
आलू -1 (उबला व चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
टमाटर -1 ( बारीक कटा हुआ )यदि आप व्रत में टमाटर नहीं कहते तो इसे छोड़ सकते है।
हरी मिर्च – 1
जीरा -1/2 टेबलस्पून
चीनी – 1 चम्मच
काली मिर्च – 7-8 दरदरी कुटी हुई
नींबू – 1
मूंगफली – 1 कटोरी
सेंधा नमक – स्वादानुसार
विधि : –
१. साबूदाने को अच्छी तरह धो लीजिये, और 3 /4 कप पानी डालकर ढककर 6-7 घंटे या रात भर के लिये भिगो कर रख दीजिये। साबूदाने को चम्मच से चला कर अलग अलग कर दीजिये।
२. आधी मूंगफली भून कर , छिलका उतार कर दरदरी पीस लें।
३. एक मिक्सिंग बाउल में साबूदाना ,मूंगफली पाउडर , सेंधा नमक , चीनी और काली मिर्च अच्छी से मिला लें।
४. एक पैन में घी गरम करके, मूंग फली के दाने डाल कर हल्का सा फ्राई कर लीजिये।
५. मूंगफली निकल लें और बचे हुए घी में जीरा डालिये।
६. हरी मिर्च और आलू डालकर सुनहरा होने तक भून लें।
७. कटे हुए टमाटर डालकर 2-3 मिनट तक भून लें।
८. इसमें साबूदाना ,मूंगफली , काली मिर्च और सेंधा नमक के मिक्सचर को डालकर धीमी आंच पर 1 मिनट तक पकाएं।
९. फ्राई की हुए मूंगफली डाल कर अच्छी तरह चला दीजिये। फिर से खिचड़ी को ढककर साबूदाने के ट्रान्सपेरेन्ट होने तक पका लीजिये। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि गुठलियां न बनें।
१०. आंच से उतारकर खिचड़ी में थोड़ा सा हरा धनियां और नीबू का रस डालकर मिला दीजिये।
साबूदाने की खिचड़ी बनकर तैयार है। गरमा – गरम साबूदाने की खिचड़ी का आनंद लीजिये।
लौकी की खीर

सामग्री –
फुल क्रीम दूध – 1 लीटर
लौकी – 500 ग्राम
काजू – 10
किशमिश – 25- 30
बादाम – 10
चीनी – 80 -100 ग्राम ( मधुमेह के रोगी चीनी की जगह शुगरफ्री भी डाल सकते है )
इलाइची – 4-5 (छील कर पीस लीजिये)
लौकी की खीर बनाने की विधि :
१. लौकी को छीलिये, धोइये और कद्दूकस कर लीजिये।
२. कसी हुई लौकी और दूध को कुकर में डाल कर ढक्कन लगा कर गैस पर चढ़ा दीजिये।
३. गैस धीमी कर दीजिये।
४. 2 सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें और कुकर को ठंडा होने दें।
५. खीर में चीनी डाल कर 3-4 मिनिट तक पकने दीजिये।
६. कतरे हुए काजू,बादाम और किशामिश डाल कर चमचे से चलाइये।
७. खीर में इलाइची पाउडर डाल कर मिला दीजिये।
लौकी की खीर बन कर तैयार है, गैस बन्द कर दीजिये। खीर को प्याले में निकालिये, कतरे हुये बादाम ऊपर से डाल कर सजाइये।
व्रत के दौरान ध्यान रखने योग्य बातें
✔ पर्याप्त पानी पिएं
✔ ज्यादा तला-भुना खाने से बचें
✔ फल और ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें
✔ लंबे समय तक भूखे न रहें