एक जगह से अपने बसेरे को उठाकर , नई जगह पर , नए सिरे से शुरुआत करना आसान नहीं होता । जो लोग किराए के घरों में रहते हैं या जिन्हे अपनी नौकरी के चक्कर में बार-बार मूव करना पड़ता है , उनके लिए तो यकीनन घर की शिफ्टिंग करना किसी सिरदर्द से कम नहीं होता । सामान की पैकिंग से लेकर उसे अनपैक करने की प्रक्रिया काफी थका देने वाली होती है। शिफ्टिंग के दौरान सबसे ज्यादा समस्या सामान को पैक करने में होती है और फिर नए घर को सेट करने में भी काफी वक्त लग जाता है।इतना ही नहीं, कभी-कभी तो घर की शिफ्टिंग के दौरान काफी सारा सामान टूट भी जाता है । इसके पीछे भी एक मुख्य वजह है – सामान को सही तरह से पैक न करना।
आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं, जो आपके घर की शिफ्टिंग को काफी हद तक आसान बना देंगे-
शिफ्टिंग से पहले :
( 1) सामान शिफ्ट करने से पहले पूरे घर की साफ़-सफ़ाई करवा लें । किराए का घर है, तो मकान मालिक से कहकर पेंटिंग वगैरह करवा लें ।
(2) नए घर में सारा सामान पहुंचने से दो दिन पहले वहां की चाबी ले लें। घर के छोटे-मोटे रेनोवेशन के काम इन दो दिनों में करा लें।
नए खरीदे गए सामान जैसे वाटर प्यूरीफायर , वाशिंग मशीन की डिलिवरी भी नए घर पर ही लें और इन दो दिनों में इंजीनियर बुला कर उन्हें इंस्टॉल करा लें। फिर जायज़ा लें कि पुराने घर का कौन-सा सामान कहां रखा जा सकता है। इससे फाइनल शिफ्टिंग वाले दिन दिक्कत कम आएगी। अगर संभव है तो पुराने घर से छोटा-छोटा सामान साथ ले आएं और उस सामान को भी दो दिनों में नए घर में लगा दें।
(3) ख़ुद का घर हो, तो टाइल्स, फर्नीचर आदि का पूरा काम करवा लें, ताकि जाने के बाद कुछ महीनों तक आपको इन कामों के लिए सामान इधर-उधर न करना पड़े ।
(4) किसी अच्छी पेस्ट कंट्रोल कंपनी से पूरे घर में पेस्ट कंट्रोल कराएं ।

( 5) रोज़मर्रा की ज़रूरतों के लिए घर के आस-पास की जगहों को अच्छी तरह देख लें, ताकि सारे स्टोर्स, क्लीनिक आदि की जानकारी पहले से हो और ज़रूरत पड़ने पर इधर-उधर भटकना ना पड़े।
(6) अपने घर के सामान की छंटनी कर लें । पुराने घर में मौजूद सभी चीज़ें नए घर में लाने की ज़रूरत नहीं है । पुरानी और ग़ैरज़रूरी चीज़ों को बेच दें या किसी और को दे दें । यह एक बेसिक लेकिन सबसे जरूरी स्टेप है। दरअसल, हम सभी के घरों में कपड़ों से लेकर कई दूसरे सामान ऐसे होते हैं, जिनकी हमें वास्तव में जरूरत नहीं होती है, लेकिन फिर भी हम उन्हें अपने घर में स्टोर करके रखते हैं।
चूंकि अब आप घर शिफ्ट करने जा रही हैं तो , कोशिश करें कि आप ऐसे सामान को अलग निकाल दें। आप उन्हें किसी जरूरतमंद को दे सकती हैं। इससे आपकी पैकिंग थोड़ी आसान हो जाएगी। आपको एक जगह से दूसरी जगह ऐसा सामान कैरी नहीं करना पड़ेगा, जिसकी आपको जरूरत ही नहीं है। ऐसे गैजरूरी सामान को आप ऑनलाइन ऑक्शन साइट के ज़रिए बेच सकती है।
( 7) शिफ्टिंग वाले दिन के लिए छोटे बच्चों व पालतू जानवरों के रुकने का इंतज़ाम अपने किसी दोस्त या रिश्तेदार के घर कर दें, वरना उनके साथ शिफ्टिंग बहुत मुश्किल हो जाती है । छोटे बच्चे और पालतू जानवर भी भीड़ और धूल मिट्टी से परेशान हो जाते हैं।

(8 ) सभी ज़रूरी जगहों पर अपना नया पता अपडेट करने के लिए एक लिस्ट बना लें, ताकि ज़रूरी पोस्ट या कुरियर पुराने पते पर न जाएं ।
(9) नए घर में जाने से पहले वर्तमान पते पर जारी सभी सुविधाएं, जैसे- न्यूज़पेपर , दूध आदि को बंद करा दें ।
(10) अगर आपके पास बैंक लॉकर है तो , ऐसे में शिफ्टिंग से एक दिन पहले कीमती सामान को बैंक लॉकर में रखना भी एक अच्छा विचार है।
(11) सामान शिफ्ट करने के लिए किसी गाड़ी का इंतज़ाम पहले से ही कर लें, क्योंकि पहले से ही बुकिंग हो, तो ज़रूरत पड़ने पर भागदौड़ नहीं होती।
(12) शिफ्टिंग से एक दिन पहले पीने का पानी स्टोर कर लें । यह एक बेहद जरूरी स्टेप है। जब आप घर शिफ्ट कर रही हैं तो उस समय आपकी मदद के लिए और लोग भी होंगे । काम करते हुए यकीनन अधिक प्यास लगेगी। इसलिए वाटर प्यूरीफायर उतरवाने से पहले पीने का पानी स्टोर कर लें ।
यह भी जरूरी नहीं है कि आप जाते ही अपने नए घर में वाटर प्यूरिफायर को लगवा लें। कभी-कभी इसमें एक या दो दिन का समय भी लग जाता है। ऐसे में अधिकतर लोग बाजार से पानी की बोतल लाकर उनसे पानी पीते हैं। जिसमें काफी सारे पैसे यूं ही खर्च हो जाते हैं। इसलिए, कोशिश करें कि आप एक बैग में ढेर सारी पानी की बोतलों को अपने साथ कैरी करें। इससे शिफ्टिंग के दौरान आपको खुद का ख्याल रखने में मदद मिलेगी।
घर के सामान की पैकिंग : घर के सामान की पैकिंग दो तरह से की जा सकती है :
(1) पैकिंग के लिए आप प्रोफेशनल मूवर्स एंड पैकर्स हायर कर सकते हैं ।
किसी अच्छे मूवर्स एंड पैकर्स को सामान की ढ़ुलाई की जि़म्मेदारी दें।बेहतर होगा कि दो-तीन पैकर्स एंड मूवर्स से शिफ्टिंग में होने वाले खर्च और समय की जानकारी लें। उनसे रैपिंग एंड पैकिंग टेकनीक और सामान खराब होने पर मुआवजे की पॉलिसी के बारे में भी पूछें।
(2) आप अपने सामान को ख़ुद भी कर सकते हैं।सामान आप खुद पैक करें और किराए पर ट्रक मंगा कर पैक सामान लदवाने और नए घर पर उतरवाने में किसी की मदद लें।
पैकिंग टिप्स :
(1) पैकिंग का काम काफ़ी थकानेवाला होता है, इसलिए अपने घरवालों या हाउस हेल्प की मदद ले सकते हैं ।
( 2) अगर खुद पैकिंग कर रहे हैं तो , नए घर में पहुंचने की तारीख से 2-3 हफ्ते पहले से सामान पैक करना शुरू कर दें।
( 3) घर पैक करते समय आप पहले छोटी- छोटी चीजों को पैक कर लें । उसमें समय ज्यादा लगता है और थकान भी ज्यादा होती है । भारी सामन पैक करने के लिए आप शिफ्टिंग से एक दिन पहले पैकर्स की मदद ले सकते है । इससे आपको ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी ।
(4) हर सामान अच्छी तरह झाड़-पोंछ और सफाई के बाद ही पैक करें। परदों को धो कर प्रेस करवा लें।
(5) बेहतर होगा कि सामान को जगह के हिसाब से पैक करें। जैसे बेडरूम, ड्रॉइंगरूम, रसोई, टॉयलेट आदि सभी जगहों का सामान अलग-अलग पैक करें और उनके ऊपर नाम व जिस रूम में रखना है, वो भी लिख दें, ताकि ढूंढ़ने में आसानी हो ।
(6) सबसे पहले कम इस्तेमाल वाली चीज़ें पैक करें। सबसे आखिर में किचन का सामान पैक करें।
(7) अगर आप किराए के घर में रहते हैं, तो फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन जैसे इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स के पैकेजिंग बॉक्सेस संभालकर रखें, ताकि शिफ्ट होते समय पैकिंग करना आसान हो । सभी समान को उनके ओरिजनल बॉक्सेस में ही पैक करे । इससे आपका काम आसान और समान सुरक्षित हो जाएगा।
(8) हर बॉक्स पर लेबलिंग ज़रूर करें। अक्सर देखने में आता है कि , जब हम सामान पैक करते हैं, तब तो हमें याद होता है कि हमने कौन सा सामान किस बॉक्स में पैक किया है । लेकिन जब सामान आपके नए घर में पहुंचता है, तब उस समय आप एक साथ काफी सारे बॉक्स देखकर कंफ्यूजन हो जाती है। इसलिए, यह बेहद जरूरी है कि जब आप पैकिंग कर रही हैं तो , हर बॉक्स पर लेबलिंग ज़रूर करें। इससे आपके लिए बाद में सामान को अनपैक करना काफी आसान हो जाएगा।
( 9 ) जरूरी और कीमती सामान को अलग से पैक करें। आपके पास कई ऐसी चीजें होंगी, जो बेहद ही कीमती होती हैं और इसलिए आप शिफ्टिंग के दौरान उनका गुम होना या टूटना बिल्कुल भी अफोर्ड नहीं कर सकतीं। इसलिए, आप कोशिश करें कि आपका जो भी जरूरी सामान है, जैसे- ज्वैलरी या डॉक्यूमेंट आदि, उन्हें पहले ही एक अलग बैग में रख लें और इस बैग को आप शिफ्टिंग के दौरान अपने पास ही रखें।
कंप्यूटर, लैपटॉप जैसे इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स को अच्छी तरह पैक करें । पैकिंग करने से पहले डाटा का बैकअप ज़रूर ले लें ।
ज़रूरी पेपर्स की हार्ड कॉपी के साथ-साथ सॉफ्ट कॉपी भी बनाकर फोन में सेव कर लें, ताकि हार्ड कॉपी के डैमेज होने पर परेशानी न हो ।
(10 ) एक बॉक्स में बहुत ज्यादा सामान रखने से बचें। इससे बॉक्स हल्के रहेंगे , जिन्हे सीढ़ियों से ले जाना आसान हो जाएगा।

(11) आप अपने कपड़ों को हैंगर सहित पैक करें। यह भी एक तरीका है, जो बाद में आपकी अलमारी को जल्दी सेट करने में मदद करेगा।
( 12 ) पैकिंग करते समय , एक इमर्जेंसी सर्वाइवल किट बनाएं । उसमें नए घर की चाबियों का एक सेट, कैंची, सेलोटेप, कुछ टूल्स , जरूरी दवाइयां रखें ।
(13 ) एक सूटकेस में , आप सबके लिए एक-एक जोड़ी कपड़े, टॉवेल, नाइट सूट , चादर , फोन चार्जर आदि रख लें।
एक डिब्बे में कुछ खाना बनाने का समान भी रह लें । इंस्टेंट नूडल्स , प्रीमिक्सेस और सूप बढ़िया ऑप्शन है । इससे आप बाहर का खाना खाने से बचेंगे।
( 14 ) यदि अपने साथ पौधे ले जा रहे हैं तो , ध्यान रखें कि पौधों के साथ-साथ कीड़े-मकौड़े भी नए घर में शिफ्ट न हो जाएं । इसलिए दवा छिड़ककर ही ले जाएं । पौधों में एक दिन पहले ही पानी डाल दें ताकि ट्रक में चढ़ाने से पहले उनका एक्स्ट्रा पानी निकल जाए और ट्रक में रखे दूसरे सामान को ख़राब ना कर दे।
शिफ्ट होने के बाद :
(1) नए घर में शिफ्ट होने पर सबसे पहले सभी बॉक्सेस को उनके रूम में रख दें ।
(2) घर के लिए नया फर्नीचर ख़रीदा है, तो उसकी डिलीवरी शिफ्ट होने के 4 -5 दिन बाद ही मंगाएं, ताकि बाकी चीज़ों को तब तक सेट कर दें और बेवजह परेशानी न हो ।
(3) पहले ही दिन घर को बेस्ट लुक देने के चक्कर में अपनी सेहत खराब न करें । धीरे-धीरे चीज़ें सेट करें ।
(4) सामान को अनपैक करने के लिए सभी डिब्बे एक साथ खोलकर न बैठ जाएं । इससे आप थक जाएंगे और काम भी जल्दी पूरा नहीं होगा ।

हर रोज़ थोड़ा-थोड़ा करके घर को सजाएं । एक ही दिन में सब करने के चक्कर में न प़ड़ें । इससे बेवजह स्ट्रेस ही होगा ।
(5) अनपैक करके डिब्बों और कार्टन को कूड़े के ढेर में जमा न करें । उन्हें स्टोर रूम में फोल्ड करके रख दें या फिर कबाड़ी को बेच दें ।
अपने नए घर में सेटलमेंट को , एक ख़ुशहाल प्रोसेस बनाएं ।अपने नए पड़ोसियों से मिलें व चाय-कॉफी के ज़रिए उनसे मेलजोल बढ़ाएं, क्योंकि समय-बेसमय वे ही आपकी मदद करेंगे ।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट ” नवचेतना – ए वर्किंग हाउसवाइफ” के साथ।