फैशन या सेहत? दिखावे से पहले अपनी देखभाल करें

हर दूसरे दिन कहीं न कहीं जाना होता है-शादी, रिसेप्शन, किटी पार्टी , फैमिली फंक्शन या सैर ।

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल बन जाता है — क्या पहनें? कैसे दिखें? कौन-सा नया ड्रेस लें?

लेकिन एक और सवाल है जो हम अक्सर भूल जाते हैं —
क्या हम अपनी सेहत का भी उतना ही ध्यान रख रहे हैं?

फैशन के नाम पर खुद को तकलीफ क्यों?

कई महिलाएँ किसी शादी या पार्टी से पहले घंटों पार्लर में बिताती हैं। हेयर स्टाइल, हेवी मेकअप, मैचिंग ज्वेलरी, नया लहंगा या साड़ी — सब कुछ परफेक्ट चाहिए।

फिर ठंड में बिना स्वेटर या शॉल के कांपते हुए फोटो खिंचवाना…
सिर्फ इसलिए कि “लुक खराब न हो जाए।”

सर्दियों में भी सैंडल पहनकर फटी एड़ियाँ दिखाना ,हील वाली सैंडल में पैरों का दुखना ,सिर्फ स्टाइल के लिए ऊनी कपड़े न पहनना ,बार-बार हेयर कलर करवा कर सर्दी बढ़ा लेना

ये सब आखिर किसे इम्प्रेस करने के लिए?

लोग दो मिनट तारीफ करेंगे या शायद नोटिस भी न करें। लेकिन अगर आप बीमार पड़ गईं तो तकलीफ आपको ही झेलनी होगी। क्या वह परफेक्ट लुक काम आएगा?

उम्र से उल्टा दिखने की कोशिश — क्या सच में ज़रूरी है?

आजकल सोशल मीडिया, पार्टियों और शादी-ब्याह में एक अनकहा दबाव बन गया है —
“जितना हो सके उतना कम उम्र का दिखो।”

आजकल एक ट्रेंड सा बन गया है —
दुल्हन से भी ज्यादा सजने की होड़।

झुर्रियों को पूरी तरह छिपाने की कोशिश, चेहरे को जरूरत से ज्यादा टाइट और ग्लोइंग दिखाने की चाह ,भारी मेकअप, ग्लिटर , बहुत ज्यादा ट्रेंडी कपड़े, या युवाओं जैसा व्यवहार…..उम्र से उल्टा दिखने की कोशिश।

लेकिन सच्चाई यह है कि
ग्रेस उम्र के साथ आती है, मेकअप की मोटी परतों से नहीं।

हर उम्र की अपनी पहचान होती है-

20 की उम्र की चमक अलग होती है।
30 की आत्मनिर्भरता अलग होती है।
40 की समझ और 50 की गरिमा अलग होती है।

जब हम अपनी उम्र से उल्टा दिखने की कोशिश करते हैं ,तो कहीं न कहीं हम अपनी स्वाभाविक खूबसूरती को दबा देते हैं।

किसे इम्प्रेस करना है? पति को, दूसरों को या खुद को?

तैयार होते समय अक्सर मन में एक सवाल छिपा होता है —
“आज ऐसा तैयार होना है कि सब देखते रह जाएं।”

लेकिन सच में…
हम किसे इम्प्रेस करना चाहते हैं?क्या हमें वाकई किसी को प्रभावित करना है?

अगर बात पति की है, तो याद रखिए —
वह आपको रोज़ के सादे रूप में भी देखता है।अगर रिश्ता मजबूत है, तो उसे प्रभावित करने के लिए ओवर मेकअप या महंगे कपड़ों की जरूरत नहीं होती।उसे आपका आत्मविश्वास, आपका सुकून और आपका खुश रहना ज्यादा अच्छा लगता है।आपने ध्यान दिया होगा —
पुरुष 2–3 सूट में पूरा शादी सीजन निकाल देते हैं।न हर फंक्शन में नया आउटफिट,न हर बार अलग स्टाइल का तनाव।तो फिर हम क्यों नई साड़ी, नया सूट, नई ज्वेलरी ,परफेक्ट लुक का दबाव लें?

दूसरों को इम्प्रेस करना चाहते हैं?

“लोग क्या कहेंगे?”यह चार शब्द हमारी आधी टेंशन की जड़ हैं।लोग दो मिनट देखेंगे, शायद तारीफ करेंगे, शायद तुलना करेंगे…फिर अपनी जिंदगी में व्यस्त हो जाएंगे।

क्या उन दो मिनटों के लिए हम घंटों की तैयारी, हजारों का खर्च और अपनी सेहत की अनदेखी करें?जो लोग आपको आपके सादे और सच्चे रूप में पसंद नहीं करते, क्या वे आपके ओवर मेकअप से सच में प्रभावित हो जाएंगे?

अब सबसे जरूरी सवाल —क्या हम खुद के लिए तैयार होते हैं?

अगर सजना-संवरना आपको खुशी देता है,आपका आत्मविश्वास बढ़ाता है,आपको अच्छा महसूस कराता है —
तो जरूर कीजिए।

लेकिन फर्क समझिए —
खुशी के लिए तैयार होना और असुरक्षा के कारण तैयार होना — दोनों अलग बातें हैं।

सेहत ही असली सुंदरता है

  • आरामदायक और एलिगेंट कपड़े पहनिए । सर्दियों में ऊनी कपड़े पहनिए। जरूरत हो तो शॉल या जैकेट को स्टाइल का हिस्सा बनाइए।
  • स्टाइलिश लेकिन आरामदायक जूते चुनिए।मोज़े पहनने में शर्म कैसी?
  • हल्का और सॉफ्ट मेकअप कीजिए । स्किन केयर पर ध्यान दीजिए ।
  • अपने नेचुरल सफेद बालों को ही स्टाइलिश कट और अच्छे हेयर केयर से संवारें ।
  • अपने अनुभव और आत्मविश्वास को अपनी ताकत बनाइए।
  • आपकी मुस्कान, आपका आत्मविश्वास और आपकी सेहत —यही आपकी असली पहचान है।

इम्प्रेस करना है तो खुद को कीजिए।
खुद को आईने में देखकर मुस्कुराइए।
खुद से कहिए — “मैं जैसी हूँ, अच्छी हूँ।”

फैशन कीजिए, जरूर कीजिए —
लेकिन अपनी सेहत की कीमत पर नहीं।

उम्र को स्वीकार करना कमजोरी नहीं, परिपक्वता हैऔर याद रखिए —

जो खुद को स्वीकार कर लेता है, वही सबसे ज्यादा आकर्षक लगता है।

Leave a Comment