आज की लड़की पढ़ी-लिखी है, आत्मनिर्भर बनना चाहती है और अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती है।
कई बार माँ भीअपनी बेटी से भावुक होकर कह देती हैं —
“हमारी तरह अपनी ज़िंदगी चूल्हे में मत झोंको।”
इस एक वाक्य के पीछे दर्द, त्याग और अधूरे सपनों की कहानी छिपी होती है। हमारी पिछली पीढ़ी की कई महिलाओं ने कम उम्र में शादी की, पढ़ाई अधूरी छोड़ दी और घर-परिवार में खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया ।उनके सपने अक्सर जिम्मेदारियों के नीचे दब गए।इसलिए वे चाहती हैं कि उनकी बेटियाँ वही जीवन न जिएँ।
लेकिन जैसे ही उसकी उम्र 25–30 के बीच पहुँचती है, समाज की घड़ी तेज़ चलने लगती है। रिश्तेदारों के सवाल शुरू हो जाते हैं — “अब तो शादी कर लो”, “उम्र निकल रही है”, “करियर तो चलता रहेगा”।
यहीं से शुरू होता है संघर्ष —
कैरियर बनाऊँ या शादी करूँ?
“परफेक्ट पार्टनर” की उम्मीद-जो उससे ज्यादा कमाता हो
स्वतंत्र जीवनशैली केअभ्यस्त – शादी के बाद एडजस्ट करने का डर
बच्चे पैदा करने की “सही उम्र”और वर्क-लाइफ बैलेंस
क्या बच्चों के लिए फिर से घर बैठना पड़ेगा?
दोहरी जिम्मेदारी का बोझ-घर और नौकरी दोनों?
हमारे समाज में अभी भी यह सोच गहरी है कि लड़की की “सही उम्र” में शादी हो जानी चाहिए।अगर लड़की अपने करियर पर ध्यान दे रही है, तो उसे स्वार्थी या ज़िद्दी कहा जाता है।उम्र बढ़ने के साथ उसे यह भी सुनना पड़ता है — “अब अच्छे रिश्ते नहीं मिलेंगे”।यह मानसिक दबाव कई बार उसके आत्मविश्वास को कमजोर कर देता है।
लेकिन सोशल मीडिया और फिल्मों ने एक “परफेक्ट पार्टनर” की छवि बना दी है।जब वास्तविकता उससे मेल नहीं खाती, तो निर्णय टलता रहता है।कई लड़कियाँ (और परिवार) यह चाहते हैं कि लड़का आर्थिक रूप से उनसे बेहतर हो। कई बार परिवार की शर्तें — जाति, स्टेटस, कमाई, शहर — के कारण सही रिश्ता मिलने में समय लग जाता है।
कई लड़कियाँ अपनी “स्वतंत्रता” की इतनी अभ्यस्त हो जाती हैं कि शादी के बाद एडजस्ट करने का डर उन्हें निर्णय लेने से रोकता है।
करियर, आर्थिक स्थिरता और सही जीवनसाथी की तलाश — ये सभी कारण शादी को टाल देते हैं।
लेट शादी के साथ सामने आती हैं कुछ नई चुनौतियाँ –
जब शादी 30–35 के बाद होती है, तब तक व्यक्ति अपने करियर में स्थापित हो चुका होता है। ऐसे में ,काम का दबाव अधिक होता है, प्रमोशन और ग्रोथ का महत्वपूर्ण समय होता है ।शादी के बाद रिश्ते को समय देना और काम की जिम्मेदारियों को निभाना — दोनों को संतुलित करना कठिन हो सकता है।
अगर इसी समय परिवार बढ़ाने का निर्णय लिया जाए, तो संतुलन और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
चिकित्सकीय दृष्टि से महिलाओं के लिए 20–30 वर्ष के बीच गर्भधारण अपेक्षाकृत आसान माना जाता है।30 के बाद प्रजनन क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है और 35 के बाद जोखिम कुछ बढ़ सकते हैं।लेट शादी के बाद अक्सर यह दबाव रहता है —“अब जल्दी बच्चा प्लान करो”,“उम्र निकल रही है”।
“शादी से पहले मेहनत करके करियर बनाया…लेकिन शादी और फिर बच्चों के बाद क्या सब रुक जाएगा”-यह सवाल आज हर कामकाजी लड़की के मन में आता है।
हर स्थिति अलग होती है। कुछ महिलाएँ खुद निर्णय लेती हैं कि शुरुआती वर्षों में बच्चे को समय दें। कुछ वर्क फ्रॉम होम, पार्ट टाइम या बिज़नेस का रास्ता चुनती हैं।वह सिर्फ “किसी की पत्नी” या “किसी की माँ” नहीं, बल्कि अपनी मेहनत से पहचानी जाने वाली शख्सियत बनना चाहती है।
लेकिन जब वह घर और नौकरी दोनों संभालने की कोशिश करती है, तब असली परीक्षा शुरू होती है।
सुबह ऑफिस की डेडलाइन,
शाम को घर की जिम्मेदारी,
बच्चों की पढ़ाई,
रिश्तों की उम्मीदें…
और इन सबके बीच — खुद के लिए समय लगभग शून्य।
समाज अक्सर कहता है —
“नौकरी भी करो, घर भी परफेक्ट संभालो।”
लेकिन यह “परफेक्शन” का दबाव ही थकान और तनाव का कारण बन जाता है।
समाधान क्या हो सकता है?
- माँ-बाप बेटियों को आत्मनिर्भर बनाएं, लेकिन आत्मविश्वासी भी। माँ का दर्द सच्चा है, लेकिन शब्दों का चयन और सोच का संतुलन भी जरूरी है।बेटी को यह सिखाना जरूरी है कि —आत्मनिर्भर बने,आर्थिक रूप से मजबूत हो ,लेकिन रिश्तों को भी समझदारी से निभाए ।
- शादी को “उम्र की दौड़” न बनाएं। शादी उम्र से नहीं, समझ और तैयारी से सफल होती है।महत्वपूर्ण यह है कि निर्णय दबाव में नहीं, बल्कि अपनी इच्छा और समझ से लिया जाए।
- जीवनसाथी चुनते समय कमाई से ज्यादा विचारों और मूल्यों को महत्व दें। सम्मान, समझ, भावनात्मक सहयोग और समानता — ये कहीं ज्यादा जरूरी हैं।
- शादी और मातृत्व दोनों के निर्णय सोच-समझकर लें, सिर्फ समाज के दबाव में नहीं। करियर प्लानिंग के साथ फैमिली प्लानिंग पर भी खुलकर चर्चा करें। पति-पत्नी जिम्मेदारियों को बराबर बाँटें।मातृत्व का मतलब करियर खत्म होना नहीं है।
लेकिन हाँ, प्राथमिकताएँ कुछ समय के लिए बदल सकती हैं।अगर पति और परिवार सहयोगी हों, तो करियर और बच्चे दोनों संभव हैं। - अपनी पहचान बनाना गलत नहीं,लेकिन खुद को खो देना गलत है।गलती यह है कि हम संतुलन के बिना सब कुछ एक साथ पकड़ लेना चाहते हैं।अपनी पहचान बनाइए,पर अपनी शांति की कीमत पर नहीं। परफेक्ट बनने की कोशिश छोड़ें — पर्याप्त (good enough) होना काफी है।
- जिम्मेदारियाँ बाँटें — सब कुछ अकेले न उठाएँ। “ना” कहना सीखें। समय-समय पर खुद के लिए ब्रेक लें।
- आर्थिक रूप से खुद को मजबूत रखें।चाहे ब्रेक लेना पड़े- स्किल्स अपडेट करती रहें ।
निष्कर्ष
लड़की को यह हक है कि वह अपनी जिंदगी की दिशा खुद तय करे — चाहे पहले करियर चुने या पहले शादी।
लेट शादी न तो पूरी तरह गलत है और न ही पूरी तरह आसान।हर निर्णय के अपने फायदे और चुनौतियाँ हैं।
शादी के बाद करियर रुकता नहीं, उसका स्वरूप बदल सकता है।
बच्चों के लिए घर बैठना मजबूरी नहीं — एक विकल्प होना चाहिए।घर संभालना त्याग नहीं, एक भूमिका है — और यह तभी बोझ बनती है जब उसे मजबूरी बना दिया जाए।
सबसे जरूरी है —
जानकारी, आपका निर्णय, आपका आत्मविश्वास और आपका सहयोगी जीवनसाथी। 💜